भारत में फिर बढ़ रहे COVID-19 के मामले: नए वैरिएंट्स NB.1.8.1 और LF.7

भारत में एक बार फिर से कोविड-19 के मामले धीरे-धीरे बढ़ने लगे हैं। दक्षिण भारत के राज्यों जैसे केरल और तमिलनाडु में मामलों की संख्या सबसे अधिक देखी जा रही है, वहीं दिल्ली, महाराष्ट्र और गुजरात जैसे राज्यों में भी संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं। नए वैरिएंट्स NB.1.8.1 और LF.7 को लेकर सरकार और स्वास्थ्य एजेंसियां अलर्ट मोड में हैं।

नए वैरिएंट्स: NB.1.8.1 और LF.7 क्या हैं?

JN.1 वैरिएंट का यह नया स्वरूप NB.1.8.1, Omicron के BA.2.86 यानी Pirola वैरिएंट से विकसित हुआ है। यह वैरिएंट तेजी से फैलता है क्योंकि इसके स्पाइक प्रोटीन में ऐसे म्यूटेशन हैं जो इसे इंसानों की कोशिकाओं से आसानी से जुड़ने में मदद करते हैं।

NB.1.8.1: पहली बार अप्रैल 2025 में तमिलनाडु में पाया गया।
LF.7: मई 2025 में गुजरात में चार मामलों की पुष्टि हुई।

क्या है JN.1 की खासियत?

Omicron की तरह ही JN.1 के सामान्य लक्षणों में बुखार, गले में खराश, थकावट, सिरदर्द, नाक बंद, मांसपेशियों में दर्द आदि शामिल हैं। लेकिन JN.1 में दो लक्षण कुछ अलग रूप में उभर रहे हैं:

  1. धीमा और लगातार बुखार:
    यह बुखार 37.6°C से 38.1°C (99.6°F – 100.5°F) के बीच रहता है और आमतौर पर पसीना या ठंड लगना नहीं होता। यह शरीर के तापमान नियंत्रण को प्रभावित करता है और लंबे समय तक हल्का बुखार बना रहता है।
  2. पेट संबंधी समस्याएं:
    मितली, भूख न लगना, पेट में असहजता और डायरिया जैसे लक्षण अब अधिक लोगों में देखे जा रहे हैं। पहले के वैरिएंट्स की तुलना में ये लक्षण इस बार अधिक प्रमुख हैं।

दिल्ली में क्या हालात हैं?

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह ने बताया कि फिलहाल कोई गंभीर स्थिति नहीं है और जो मामले सामने आ रहे हैं उनमें वायरल फीवर जैसे लक्षण हैं। वर्तमान में दिल्ली में 104 सक्रिय मामले हैं और सभी अस्पतालों को सतर्क कर दिया गया है। “यह केवल एहतियातन कदम हैं, घबराने की जरूरत नहीं है,” उन्होंने कहा।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी नागरिकों को आश्वासन दिया कि सभी अस्पताल पूरी तरह तैयार हैं। मेडिकल स्टाफ, ऑक्सीजन, दवाइयां और जरूरी उपकरणों की व्यवस्था की गई है।

वैक्सीन और इलाज पर असर?

ICMR के डायरेक्टर जनरल डॉ. राजीव बेहल के अनुसार, नए वैरिएंट्स से कोई गंभीर खतरा नहीं है और वैक्सीन अभी भी प्रभावी हैं। WHO ने NB.1.8.1 और LF.7 को अभी लो रिस्क कैटेगरी में रखा है।

भारत में अभी तक कितने मामले?

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक:

  • केरल: 335 नए मामले
  • महाराष्ट्र: 153 नए मामले
  • दिल्ली: 99 नए मामले
  • गुजरात: 76 नए मामले

अब तक 7 मौतें दर्ज की गई हैं, जिनमें अधिकतर लोगों में पहले से मौजूद गंभीर बीमारियां थीं।

क्या करें अगर लक्षण दिखें?

  • घर पर रैपिड एंटीजन या RT-PCR टेस्ट कराएं
  • खुद को आइसोलेट करें
  • भरपूर पानी पीएं और आराम करें
  • लक्षण गंभीर हों तो डॉक्टर से संपर्क करें
  • वैक्सीन और बूस्टर डोज समय पर लें

Most Read

Last Week